- लोग बोले, गड्ढों की वजह से हादसे भी बढ़ रहे, कोहरा शुरू होने से पहले गड्ढे भरवाने की मांग उठाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बिनौली। धनौरा सिल्वरनगर से ग्वालीखेड़ा तक सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। गड्ढों के कारण हादसे भी बढ़ गए हैं। लोगों ने अफसरों पर समस्या का समाधान नहीं कराने का आरोप लगाया और कोहरा शुरू होने से पहले गड्ढे भरवाने की मांग की।
धनौरा सिल्वरनगर गांव में रहने वाले वीर सिंह प्रधान, मास्टर सतेंद्र मोघा, सागर शास्त्री, सतेंद्र, कालूराम, नरेंद्र, चरण सिंह आदि ने बताया कि बिलौचपुरा मार्ग से कई गांवों के हजारों लोग टटीरी और जिला मुख्यालय जाते हैं। धनौरा सिल्वरनगर से ग्वालीखेड़ा तक सड़क में काफी गड्ढे हो गए हैं। इससे वाहनों से चलना भी दूभर हो गया है। ग्वालीखेड़ा के संस्कृत महाविद्यालय, कन्या महाविद्यालय और इंटरमीडिएट कॉलेज के छात्र-छात्राएं और शिक्षक को ज्यादा परेशानी हो रही है। बाइक सवार शौकीन, विक्रम, अंकित समेत कई गड्ढों में पहिया आने से गिरकर घायल हो चुके हैं।
-इस मार्ग से दस से ज्यादा गांवों के लोग सफर करते हैं और गड्ढों से परेशान हो गए हैं। लोक निर्माण विभाग के अफसरों से शिकायत करने के बाद भी गड्ढे नहीं भरवाए गए। सुशील वत्स, धनौरा सिल्वरनगर
-इस मार्ग पर ग्वालीखेड़ा में दादू बलराम संस्कृत महाविद्यालय, मां अंबा बालिका डिग्री कॉलेज और इंटर कॉलेज है, जहां हजारों छात्र-छात्राएं आते हैं। जल्द ही गड्ढे भरवाकर समस्या का समाधान कराया जाए। - श्रवणदास स्वामी, ग्वालीखेड़ा
वर्जन
- ग्वालीखेड़ा-बिलौचपुरा मार्ग का प्रस्ताव मरम्मत के लिए भेजा गया है। जल्द ही मार्ग की मरम्मत कराकर समस्या का समाधान करा दिया जाएगा। - कुलदीप सिंह, अवर अभियंता, लोनिवि