‘बेटियों को मिले सुरक्षा, भरवाएं जाएं कन्या सुमंगला के फार्म’
बागपत। मंडलायुक्त अनीता सी मेश्राम और मुजफ्फरनगर की अपर पुलिस अधीक्षक आईपीएस दीक्षा शर्मा ने महिला परख योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए चलाए जा रहे अभियान और कार्यक्रमों को तेजी से क्रियान्वित किया जाए। मंडलायुक्त ने कहा कि अधिकारी लोगों को जागरूक करें और जानकारी दें।
कलक्ट्रेट में महिला परख अभियान की नोडल अधिकारी एवं मंडलायुक्त अनीता सी मेश्राम ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनाओं के बारे में विभागीय अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। बागपत में पहले 861 लिंगानुपात था, जिसमें सुधार है। जिला टास्क फोर्स का गठन करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत पात्र बालिकाओं के आवेदन कराने के निर्देश दिए। महिला नोडल अधिकारी ने 181 महिला हेल्पलाइन की समीक्षा की। इसमें घरेलू हिंसा के 380, शारीरिक हिंसा के 80, यौन हिंसा के 35 केस, बाल श्रम के नौ, बाल विवाह 24, गुमशुदा के 13 अन्य 96 के मामलों को कोई 589 मामलों में 181 की ओर से शत-प्रतिशत कार्रवाई की गई है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी को बजट कम खर्च करने पर नाराजगी व्यक्त की। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि एनीमिया मुक्त अभियान चलाएंगे। पीसीपीएनडीटी, जननी सुरक्षा योजना, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, उज्ज्वला योजना की समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। एमएसएमई विभाग के जीएम डीआईसी को निर्देश दिए प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम तथा मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत नवीन महिला उद्यमियों को उद्योग से जोड़ा जाए। डीपीआरओ को कहा महिलाओं को शौचालयों का इस्तेमाल करने के लिए जागरूक करेंगे। एनआरएलएम की समीक्षा की। उपायुक्त ने बताया कि जनपद बागपत में 3700 समूह बने हैं। समूह की 228 फाइल लंबित हैं। इनका एलडीएम द्वारा निस्तारण करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने कहा कि 12 हजार मनरेगा महिला मानव दिवस के सर्जन के सापेक्ष जनपद में 33 प्रतिशत से कम पाया गया जिस पर मंडलायुक्त ने अप्रसन्नता व्यक्त की। बीएसए को निर्देश दिए कि स्कूल में बने शौचालय की नियमित रूप से साफ सफाई होनी चाहिए। डीएम शकुंतला गौतम, संयुक्त विकास आयुक्त मेरठ मंडल मेरठ रामरक्ष पाल, सीडीओ पीसी जायसवाल, एडीएम अमित कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
-------------
गणित के सवालों पर चुप्पी साध गईं छात्राएं
बागपत। महिला अफसरों ने शहर के राजकीय कन्या इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। छात्र-छात्राओं से सवाल किए। सवाल पूछने पर किसी भी छात्रा ने गणित विषय पर कोई जवाब नहीं दिया। छात्राओं को सिंगल यूज प्लास्टिक के लिए जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित कया। प्रधानाचार्य से हेल्थ कार्ड की रिपोर्ट मांगी। कन्या सुमंगला और छात्रवृत्ति के आवेदनों की स्थिति जानी। एंटी रोमियो स्कवायड की सही जानकारी नहीं दे पाई।
--------------
निशानेबाजी तो पंसद है, लेकिन नहीं है रेंज
बागपत। मुजफ्फरनगर की अपर पुलिस अधीक्षक आईपीएस दीक्षा शर्मा ने छात्राओं से खेलों में रूचि के बारे में जानकारी ली। किसी ने बैडमिंटन तो किसी ने वालीबॉल और किसी ने खो-खो बताया। शूटिंग के बारे में जानकारी ली। एक छात्रा ने खड़े होकर कहा निशानेबाजी पसंद है, लेकिन यहा कोई रेंज नहीं है।
--------------
रसोई और शौचालय मिले गंदे, सफाई के निर्देश
बागपत। मंडलायुक्त ने प्राथमिक विद्यालय नंबर एक का निरीक्षण किया। यहां छात्रों से सवाल पूछे। कुछ छात्रों ने सही जवाब दिया तो किसी ने गलत। मिड-डे-मील के लिए बनाए गई रसोई का निरीक्षण किया। यहां पर सफाई व्यवस्था के निर्देश दिए। शौचालय देखे जो गंदे थे। जिसको नियमित रूप से साफ-सफाई कराने की हिदायत दी। छात्रों को दी जाने वाली योजनाओं की समीक्षा की। रेन वाटर हॉर्वेस्टिंग यूनिट और शॉकपिट को देखा। महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। यहां पर मरीजों से बात की और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आईटीआई खेकड़ा का निरीक्षण किया। छात्रों से विभिन्न विषयों की जानकारी ली। छात्राओं ने आईटीआई कॉलेज मार्ग पर बस स्टैंड की मांग की। मंडलायुक्त ने आश्वासन दिया इस संबंध में एआरएम रोडवेज से बात की जाएगी।
--------------
सीडीओ ने बैग से निकाली छात्र की ड्रेस
बागपत। एक छात्र कक्षा में बिना ड्रेस के बैठा था। मंडलायुक्त ने छात्र से पूछा कि ड्रेस क्यों नहीं पहनकर आए। एक अन्य छात्र ने कहा कि ड्रेस तो उसने बैग में रख रखी है। इसके बाद सीडीओ पीसी जायसवाल ने बैग से ड्रेस निकाली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ से जुड़े सवाल पूछे गए।