दीक्षांत समारोह में राज्यपाल स्वर्ण पदक्र देकर सम्मानित करेंगी छात्रा को
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। एसपीसी कॉलेज की एमएससी (रसायन विज्ञान) की छात्रा आरती गौतम ने 87.15 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विवि में प्रथम स्थान प्राप्त कर कॉलेज का नाम रोशन किया है। छात्रा को 2021 में होने वाले दीक्षांत समारोह में प्रदेश की राज्यपाल स्वर्ण पदक देकर सम्मानित करेगी।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि एमएससी रसायन विभाग की परीक्षा में कॉलेज की छात्रा आरती गौतम ने विवि से संबद्ध सभी महाविद्यालयों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा जूनियर रिसर्च फेलोशिप में भी 96 रैंक प्राप्त कर सफलता प्राप्त की है। सोमवार को कॉलेज स्टॉफ ने छात्रा की उपलब्धि पर उसे मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दी। इसमें प्रबंध समिति के अध्यक्ष सत्यपाल सिंह चौहान, प्रबंधक राजेंद्र कुमार, कोषाध्यक्ष प्रह्लाद सिंह चौहान, सदस्य राज कुमार, प्रवेश चौहान, श्रीनिवास चौहान, डॉ. प्रमोद कुमार, डॉ. संजय कुमार, सन्नी शर्मा आदि मौजूद रहे।