बड़ौत (बागपत)। हाईवे स्थित बाबू कामता प्रसाद जैन महाविद्यालय में बीएड की परीक्षा में छात्र को नहीं बैठाने पर शुक्रवार को छात्र-छात्राओं और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने कॉलेज में प्रदर्शन किया। इस दौरान परीक्षा से बाहर निकाली छात्र बेहोश हो गई तो आक्रोशित परिजनों और छात्रों ने कॉलेज प्राचार्य का घेराव किया। बाद में प्राचार्य ने विश्वविद्यालय के कुलपति से वार्ता कर छात्रा को जल्द ही परीक्षा में बैठाने का आश्वासन दिया तो मामला शांत हुआ।
शुक्रवार को काफी संख्या में छात्र-छात्राएं छात्र नेता गौरव के नेतृत्व में कॉलेज पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने कहा नगर मेें रहने वाली छात्रा अन्नु पुत्री सुभाष बाबू कामता प्रसाद जैन महाविद्यालय की बीएड द्वितीय वर्ष की छात्रा है। फिलहाल अन्नु तोमर की परीक्षा चल रही है। उन्होंने कहा कॉलेज प्रशासन ने छात्रा को परीक्षा में नहीं बैठने दिया। जबकि छात्रा के परिजनों ने पूरी फीस भी जमा कर रखी है। कॉलेज प्रशासन ओर भी फीस मांग रहा है। इस दौरान छात्र-छात्राओं और परिजनों ने कॉलेज प्रशासन पर आरोप लगाकर हंगामा किया।
हंगामा के दौरान एक छात्रा बेहोश हो गई तो आक्रोशित परिजन और छात्र कॉलेज प्राचार्य कक्ष मेें घुस गए और प्राचार्य को खरी-खोटी सुनाई। कई घंटे तक हंगामा चलने के बाद प्राचार्य ने जल्द ही छात्रा को विवि के कुलपति और कॉलेज की प्रबंध समिति से वार्ता कर परीक्षा में शामिल करने का आश्वासन दिया तो हंगामा शांत हुए। इसमें दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष हर्ष खोखर, पूर्व अध्यक्ष राहुल तोमर, पूर्व उपाध्यक्ष अमरदीप शर्मा, रोहित, सोनम, आंचल, अंजलि, मेघा, मोहित, नितिन, मनोज, आशु आदि रहे। दूसरी तरफ कॉलेज प्राचार्य डॉ. आरपी जैन ने आरोप निराधार बताकर कहा विवि से आदेश मिले थे छात्रा को परीक्षा में न बैठने दें। फिर भी छात्रा के भविष्य को देखकर विवि के कुलपति से बातचीत की जाएगी।