मुजफ्फरनगर। मां शाकंभरी विश्वविद्यालय की ओर से महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए एक बार फिर से पंजीकरण की शुरू हो गए हैं। दाखिले से वंचित रहे छात्रों को आठ अक्तूबर तक समर्थ पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण कराने का मौका दिया गया है। इस बार सत्र देरी से शुरू होगा। इस कारण विश्वविद्यालय की ओर से दाखिला प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करने के निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।
सनातन धर्म महाविद्यालय के प्राचार्या डॉ. सुधीर कुमार पुंडीर ने बताया कि स्नातक और स्नातकोत्तर के सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन एक बार फिर से होंगे। जिले के कुछ महाविद्यालयों में सीटों के सापेक्ष दाखिले कम हुए हैं। उन सीटों को भरने के लिए अभ्यर्थियों को मौका दिया गया है। 11 अक्तूबर तक प्रवेश की प्रक्रिया को पूरा करने के बाद सत्र को नियमित किया जाएगा। सत्र समय से पूरा हो इसके लिए अतिरिक्त और उपचारात्मक कक्षाओं का संचालन किया जाएगा। 9 अक्तूबर की शाम 5 बजे तक ऑफर लेटर जारी किए जाएंगे। दस और 11 अक्तूबर तक दाखिले की प्रक्रिया की प्रकिया पूरी होगी।