बागपत। गांवों की जिम्मेदारी संभालने से पहले ही पांच सचिवों के क्लस्टर फिर से बदल दिए गए हैं। इस फैसले से विकास कार्य प्रभावित होने की आशंका है। सचिवों को अब नए डोंगल बनवाने पड़ेंगे।
दो माह पहले प्रशासन ने 60 सचिवों के तीन साल का कार्यकाल पूरा होने पर उनके ब्लॉक बदले थे। सचिवों ने हाल ही में एक-दूसरे को चार्ज दिया था। उन्होंने विकास कार्य सुचारू रखने के लिए अपने डोंगल भी बनवा लिए थे। मगर जिम्मेदारी ठीक से संभालने से पहले ही पंचायती राज विभाग ने उनके क्लस्टर फिर बदल दिए। ग्राम विकास अधिकारी विनोद कुमार को निवाड़ा के साथ सरूरपुर कलां की जिम्मेदारी मिली है। ग्राम पंचायत अधिकारी पवन राणा को बावली के साथ बिजरौल सौंपा गया है। ग्राम पंचायत अधिकारी गौरव राणा को महावतपुर से मलकपुर भेजा गया है। ग्राम विकास अधिकारी अजय कुमार को कंडेरा के साथ बिजरौल और ग्राम विकास अधिकारी सतीश श्यौराण को सरूरपुर कलां से हटाकर गांधी की जिम्मेदारी दी गई है।
जिलाधिकारी अस्मिता लाल के अनुमोदन के बाद सचिवों के क्लस्टर बदले गए हैं। यह जानकारी जिला पंचायत राज अधिकारी रमेशचंद गुप्ता ने दी। इन लगातार बदलावों से प्रशासनिक प्रक्रिया में बाधा आ रही है। इससे गांवों में चल रहे विकास कार्यों की गति धीमी हो सकती है।