डकैती के बाद घटना की जानकारी देता पीड़ित युवक उमरदीन।
- फोटो : amar ujala
बागपत के पुराना कस्बे में कपड़ा व्यापारी उमरदीन के मकान में मंगलवार दोपहर बाइक सवार दो बदमाशों ने घुसकर परिवार को बंधक बनाकर ढाई लाख रुपये की नगदी समेत करीब पांच लाख रुपये के आभूषण और कीमती सामान लूट लिया। इससे वहां हड़कंप मच गया।
व्यापारी उमरदीन की पत्नी सब्बो ने कहा वह मंगलवार दोपहर अपने दो बच्चों के साथ घर में थी। उसके पति कपड़ा लेने मेरठ गए थे। दोपहर करीब एक बजे बाइक पर दो बदमाश उनके मकान में पहुंचे। बदमाश उनके पति के बारे में पूछते हुए घर में घुस आए। पहले पानी पिया। इसके बाद उसे और उसके बच्चों को कमरे में बंधक बना लिया।
उनसे मकान में रखे रुपयों की जानकारी मांगी। जानकारी नहीं देने पर धमकी दी कि पूरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा। इसके बाद बदमाश मकान में रखे ढाई लाख रुपये नगद, सोने-चांदी के आभूषण समेत करीब पांच लाख का सामान लूटकर ले गए। जाते समय धमकी दी यदि पुलिस से शिकायत की तो अंजाम बुरा होगा। बाद में आस पड़ोस के काफी लोग इकट्ठे हो गए।
उन्होंने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ कर्मवीर सिंह का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगा।