महिलाओं और बच्चों ने खुद ही साफ की गांव की गंदगी
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। सिनौली गांव में स्वच्छ भारत मिशन दम तोड़ रहा है। गांव से दो माह से सफाई कर्मचारी नहीं आया है। इस कारण जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए है। इससे आजिज महिलाओं और बच्चों ने रविवार को खुद ही गांव की गलियों में सफाई अभियान चलाया।
गांव की आबादी लगभग 15 हजार है। समाजसेवी विपिन पूनिया ने बताया कि यहां मात्र एक सफाई कर्मचारी तैनात है। वह भी दो माह से गांव नहीं आया है। इससे गांव में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए है। कई बार ग्रामीण विभागीय अफसरों से इस संबंध में शिकायत भी कर चुके है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। रविवार को महिलाओं और बच्चों ने खुद ही गांव में सफाई अभियान चलाया। सफाई अभियान मेें राजकली, संगीता, प्रेमो, फोनी, प्रिंस, मोली, नव, चुन्नू का सहयोग रहा।
बीडीओ राहुल वर्मा ने बताया कि इस संबंध में शिकायत प्राप्त हुई थी। सफाई कर्मचारी को नियमित रूप से गांव में सफाई करने को कहा गया था। यदि वह लापरवाही बरत रहा है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।