तालाब के ओवरफ्लो होने के कारण गांव की गलियों में भरा रहता है गंदा पानी
एक साल में दो दर्जन से गोवंश की दलदल में फंसकर हो चुकी है मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
चांदीनगर। गोना गांव के तालाब की 13 साल से सफाई और खोदाई नहीं हुई है। बरसात होने पर तालाब का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर किसानों के खेतों और सड़क पर भर जाता है। एक ओर जहां खेतों में जलभराव होने से किसानों की फसलें खराब हो जाती है, वहीं गंदगी के कारण लोगों का तालाब के किनारे से निकलना दूभर है। गंदगी के कारण डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारी का खतरा सता रहा है। ऐसा नहीं है कि अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं है। जानकारी होने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
सता रहा संक्रमण का डर
तालाब की सफाई व खोदाई न होने के कारण गंदगी के अंबार लगे हुए है। सबसे अधिक परेशानी बरसात होने पर होती है। जलभराव होने के कारण लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। बार-बार मांग करने के बाद भी तालाब की सफाई नहीं कराई जा रही है। - विकास ,क्षेत्रीय पंचायत सदस्य
--
गंदगी के कारण लोगों का जीना मुहाल
तालाब की सफाई न होने के कारण गंदा पानी रास्ते में भरा रहता है, जिससे लोगों का निकलना मुश्किल है। जलभराव के कारण मच्छर पनप रहे है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा है। राजेन्द्र
खेतों में भर जाता है गंदा पानी
तालाब की सफाई न होने के कारण गांव के पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं है। तालाब का गंदा पानी किसानों के खेतों में भर जाता है, जिससे फसल खराब हो जाती है। कई बार समस्या उठाई जा चुकी है, मगर समाधान नहीं हो पाया है। - सतेंद्र कुमार,
---
दलदल में फंसकर कई गोवंशों की हो चुकी है मौत
तालाब की 13 साल से सफाई व खुदाई न होने से तालाब में दलदल बन गई है। पिछले एक साल में दो दर्जन गोवंश की दलदल में फंसने से मौत हो चुकी है। तालाब की जल्द सफाई और खुदाई होनी चाहिए। - सुरेंद्र कुमार