बिनौली के फजलपुर सुंदरनगर गांव में कक्षा 9 की छात्रा ट्यूशन से लौटते समय ट्रैक्टर की टक्कर लगने से मौत हो गई। चालक मौके से भाग निकला। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बागपत जनपद के बिनौली में फजलपुर सुंदरनगर गांव में बृहस्पतिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कक्षा 9 में पढ़ने वाली 13 वर्षीय छात्रा इशू पुत्री सुमित कुमार ट्यूशन पढ़कर साइकिल से घर लौट रही थी। इसी दौरान एक ट्रैक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने छात्रा को संभाला, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
छात्रा की मां ने बिनौली थाने में अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस चालक की तलाश में जुट गई है।