संवाद न्यूज एजेंसी
रमाला (बागपत)। कासिमपुर खेड़ी रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेन की चपेट में आने से बीएससी के छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि कानों में ईयरफोन लगाने के कारण छात्र को ट्रेन के आने की आवाज नहीं सुनाई दी। इसी कारण चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी संजय कुमार के मुताबिक मृतक योगेश (22) पुत्र कलीराम कासिमपुर खेड़ी ही रहने वाला था। बड़ौत के एक कॉलेज से वह बीएससी की पढ़ाई कर रहा था। क्षेत्रीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक बृहस्पतिवार की सुबह वह घर से शौच के लिए गया था। गांव के रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक को पार करके उसके किनारे-किराने चलने लगा। उसने ईयर फोन लगाया हुआ था। इसी दौरान वह सहारनपुर से दिल्ली जा रही जनता एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दी। परिजनों ने युवक के शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी संजय कुमार के मुताबिक कानों में ईयरफोन लगाने के कारण छात्र को ट्रेन के आने की आवाज नहीं सुनाई दी। इसी कारण ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।