बागपत में बड़ौत-अमीनगर सराय मार्ग पर बृहस्पतिवार को छात्रा को मैसेज भेजने के विरोध में दो छात्र गुटों में जमकर खूनी संघर्ष हुआ। इस दौरान गोली लगने से दो छात्र घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया था, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस मामले में पुलिस ने पूछताछ के लिए कई युवकों को हिरासत में लिया है। वहीं तहरीर मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
यह घटना बड़ौत-अमीनगर सराय मार्ग पर नवीन मंडी के पास हुई। नगर के एक पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले छात्र द्वारा इसी स्कूल की एक छात्रा को लगातार मैसेज किए जा रहे थे। इस संबंध में छात्रा व स्कूल में ही कक्षा 11 में पढ़ने वाले उसके भाई ने स्कूल में भी शिकायत की थी, जिसके बाद स्कूल संचालक ने छात्रा को मैसेज भेजने वाले छात्र का नाम काट दिया था।