हादसे का इंतजार: बागपत कलक्ट्रेट के बाहर टेंपो में दो दर्जन से अधिक सवारी लेकर जाता चालक। प्रसाशन शायद किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।
- फोटो : amar ujala
बागपत के पट्टी बंजारन गांव में छोटा हाथी गाड़ी की पहिये की चपेट में आकर दो वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। इस हादसे के बाद लोगों ने चालक को पकड़ कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस की उपस्थिति में पीड़ित पक्ष और चालक में समझौता हुआ। रात के समय परिजनों ने बच्चे के शव को दफना दिया।
पट्टी बंजारन गांव निवासी मुरसलीम का दो वर्षीय बेटा सवद घर के बाहर रास्ते में खेल रहा था। इसी दौरान छोटा हाथी गाड़ी को बैक करते समय बच्चा पीछे पहिये के नीचे आ गया। इससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास खड़े ग्रामीणों ने गाड़ी चालक को पकड़ लिया और बच्चे के परिजनों को हादसे की सूचना देने के बाद पुलिस को भी सूचना दी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस गांव में पहुंची। इसी दौरान मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और परिवार में कोहराम मच गया। छोटा हाथी को मुजफ्फरनगर के गांव सलेमपुर निवासी अरविंद चला रहा था।
सूचना पर दोघट थाना प्रभारी रणवीर सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने शव नहीं उठाने दिया। ग्रामीणों ने पुलिस को खरी खोटी सुनाई। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग उठाई। सूचना मिलते ही चालक के परिजन भी गांव में पहुंचे। सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान राजीव कुमार भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस की उपस्थिति में पीड़ित परिवार के सदस्यों और चालक में समझौता हो गया। परिजनों ने करीब साढ़े आठ बजे शव को उठाया। परिजनों ने रात में बच्चे के शव को दफना दिया।