बड़ौत। फर्जी शिक्षिका अनामिका शुक्ला का मामला उजागर होने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में तैनात स्टाफ की शैक्षिक और मूल निवास सहित सभी प्रमाण पत्रों की जांच की तैयारी की है। सोमवार से स्कूल के सभी स्टाफ के नियुक्ति से संबंधित आदेशों, मूल शैक्षिक प्रमाण पत्रों की जांच होगी। इससे स्कूल स्टाफ व अन्य कर्मचारियों में खलबली है।
जिला समन्वयक बालिका शिक्षा संगीता शर्मा ने बताया कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में कार्यरत वार्डन, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के शैक्षिक प्रमाण पत्रों की जांच के लिए सोमवार को समय रखा गया है। जांच के दौरान 11 शैक्षिक अभिलेखों एवं प्रमाण पत्रों की जांच की जाएगी। इस दौरान स्टाफ को अपने सही होने का शपथ पत्र भी देना होगा। फर्जी शिक्षिका अनामिका शुक्ला का मामला उजागर होने के बाद यह कवायद की जा रही है। बताया कि स्कूल स्टाफ ने अपने प्रमाण पत्र जमा करा दिए है। कहना है कि अगर कोई भी फर्जीवाड़ा मिला तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। उधर, विभाग की कवायद से कस्तूरबा विद्यालय के सभी स्टाफ में खलबली मची है।