कायाकल्प टीम लखनऊ ने जुलाई में किया था निरीक्षण, रिपोर्ट आई
गत वर्ष 88 वां था स्थान, स्वास्थ्य कर्मियों ने दी एकदूसरे को बधाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने में बड़ौत सीएचसी का प्रदेश में 38वां स्थान मिला है। कायाकल्प योजना की टीम की ओर से जुलाई में इस संबंध में निरीक्षण किया गया था, जिसकी रिपोर्ट अब आई है। गत वर्ष सीएचसी को 88 वां स्थान मिला था। स्वास्थ्य कर्मियों ने मिठाइयां खिलाकर एक-दूसरे को बधाईयां दी।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय कुमार ने बताया कि अस्पताल आने वाले मरीजों को बेहतर से बेहतर सुविधा दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। जुलाई 2020 में स्वास्थ्य विभाग लखनऊ की कायाकल्प योजना की टीम सीएचसी पर निरीक्षण के लिए आई थी। टीम ने सीएचसी पर साफ-सफाई, विभागीय रिकार्डों की जांच के अलावा यहां भर्ती मरीजों और गभर्वती महिलाओं से मिलने वाली सुविधाओं संबंधित जानकारी ली थी। कायाकल्प टीम के निरीक्षण की रिपोर्ट आ गई है। इसमें सीएचसी बड़ौत को 38वां स्थान मिला है। वर्ष 2018-2019 मेें सीएचसी का 88वां स्थान था। बताया कि पूरे प्रदेश में 820 सीएचसी में से 102 सीएचसी को अवार्ड के लिए चुना गया था। इसमें सीएचसी को 38वां स्थान मिला। इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य कर्मियों ने मिठाइयां खिलाकर एक-दूसरे को बधाई दी। ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक सचिन मलिक ने भी सभी को बधाई दी।