अमीनगर सराय। बसौद गांव के जूनियर हाईस्कूल में बुधवार को राशन की दुकान आंवटन के लिए हुई बैठक में लोगों ने हंगामा किया। आरोप लगाया कि जिन लोगों पर राशन की कालाबाजारी करने का मुकदमा दर्ज किया गया था, उनके परिवार के ही लोगों को दुकान देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस व ब्लॉक कर्मियों पर मिलीभगत का आरोप लगा बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट में धरना देने की बात कही।
बैठक में हंगामा करते हुए भाजपा के मंडल महामंत्री रिंकू गुप्ता, सोना बेगम, इस्लामन, शमशाद, संजय कुमार आदि ने बताया कि सुदेश कुमारी ने राशन की दुकान के लिए आवेदन किया था। वहां ब्लॉक के कर्मियों व पुलिस कर्मियों ने उनके पक्ष के लोगों को अपनी बात नहीं रखने दी और उनके साथ अभद्रता की गई। इसको लेकर वहां काफी हंगामा हुआ तो पुलिस कर्मियों ने उन्हें बैठक से बाहर निकाल दिया और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की धमकी दी। आरोप है कि कुछ लोगों के खिलाफ कालाबाजारी का मुकदमा दर्ज हुआ था।
उनके साथ पुलिस व ब्लॉक कर्मी मिले हुए हैं और उनके नाम ही दुकान छोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। यदि उन्हें दुकान दी गई तो गरीबों का हक डकार लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह डीएम अस्मिता लाल को बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट में पहुंचकर ज्ञापन सौपेंगे और समस्या का निस्तारण नहीं होने पर धरना दिया जाएगा। इस दौरान अनिल, माजिरा, सुनीता, बिरमो, शहजाद आदि मौजूद रहे। वहीं बीडीओ नरेंद्र सिंह ने कहा कि दुकान नियम के अनुसार छोड़ी जाएगी।