सीबीएसई खेल प्रतियोगिताओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण तकनीकी खामी के कारण प्रभावित हो रहा है। स्कूल खिलाड़ी और कोच परेशान हैं, हालांकि बोर्ड ने लेट फीस नहीं लेने की घोषणा की है।
सीबीएसई खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने के लिए खिलाड़ी आजकल खूब मेहनत कर रहे हैं। गर्मी की छुट्टियों में भी वह मैदान से दूर नहीं हुए, लेकिन उनके सपनों की राह में कोई प्रतिद्वंद्वी नहीं, बल्कि सीबीएसई का स्पोर्ट्स पोर्टल रुकावट बन गया है। पोर्टल करीब एक माह से बंद है। इस कारण सीबीएसई के जिले के 56 स्कूलों के एक हजार से ज्यादा खिलाड़ियों का पंजीकरण अधर में लटका हुआ है।
विज्ञापन
सीबीएसई खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है। पंजीकरण के बाद ही खिलाड़ी क्लस्टर, जोनल और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले सकते हैं। स्कूलों में पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लेकिन तकनीकी खामियों के चलते अधिकांश विद्यालय खिलाड़ियों का डाटा अपलोड नहीं कर पा रहे हैं। प्रशिक्षकों का कहना है कि पोर्टल नहीं खुल रहा और सर्वर भी लगातार तकनीकी समस्या दिखा रहा है।
जिले में एथलेटिक्स, कबड्डी, क्रिकेट, फुटबॉल, वालीबॉल, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, तैराकी, शतरंज और निशानेबाजी समेत विभिन्न खेलों में बड़ी संख्या में खिलाड़ी प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रहे हैं। सुबह-शाम मैदान में पसीना बहाने के बाद भी यदि प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर तकनीकी खामी के कारण प्रभावित होता है तो यह उनके लिए बड़ा झटका होगा। अभिभावकों की चिंता भी बढ़ रही है। उन्हें डर है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बच्चों की मेहनत और तैयारियों पर असर पड़ सकता है।
आवेदन में नहीं लगेगी लेट फीस
खिलाड़ियों के लिए राहत की बात यह है कि सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि पंजीकरण और प्रतियोगिता आवेदन में किसी प्रकार की लेट फीस नहीं ली जाएगी। नई तिथियां और आवेदन की अंतिम तिथि पहले से वेबसाइट पर जारी की जाएंगी।
ये बोले खिलाड़ी
पिछले कई महीनों से नियमित अभ्यास कर रही हूं। हमारी टीम का लक्ष्य प्रतियोगिता में पदक जीतना है। पंजीकरण नहीं होने से सभी खिलाड़ियों की चिंता बढ़ गई है। अंशु मान, कबड्डी खिलाड़ी।
रोज सुबह-शाम ट्रैक पर कड़ी मेहनत कर रही हूं। प्रतियोगिताओं में भाग लेने का बेसब्री से इंतजार है। पोर्टल की तकनीकी समस्या खिलाड़ियों के उत्साह पर असर डाल रही है। समय रहते समाधान होना जरूरी है। रैना, एथलीट
ये बोले कोच
सीबीएसई स्पोर्ट्स पोर्टल इस समय बंद है। बड़ी संख्या में खिलाड़ियों का पंजीकरण प्रभावित हो रहा है। बोर्ड को तत्काल तकनीकी समस्या दूर कर खिलाड़ियों को राहत देनी चाहिए। रविंद्र मान, कोच
खिलाड़ी लगातार मेहनत कर रहे हैं और प्रतियोगिताओं की तैयारी अंतिम चरण में है। पोर्टल की खामी के कारण पंजीकरण प्रक्रिया अटक गई है। जल्द समाधान नहीं हुआ तो खिलाड़ियों की भागीदारी प्रभावित हो सकती है। -अशोक पंवार, कोच
खेल अनुमानित खिलाड़ीएथलेटिक्स 200
कबड्डी 200
क्रिकेट 150
फुटबॉल 100
वालीबॉल 100
निशानेबाजी 100
बैडमिंटन 50
बास्केटबॉल 50
शतरंज 50
तैराकी 50
टेबल टेनिस 60