बागपत। जिले के 14 परीक्षा केंद्रों पर शनिवार को सीबीएसई की परीक्षा शुरू हो रही है। पहले दिन इंटर के परीक्षार्थियों का अंग्रेजी और हाईस्कूल का आईटी विषय का पेपर कराया जाएगा। केंद्र व्यवस्थापकों ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षार्थियों के रोल नंबर के अनुसार सीटिंग प्लान तैयार किया गया है। परीक्षा दस बजे से शुरू होगी।
बोर्ड ने जिले के सेंट एंजेल्स पब्लिक स्कूल, लक्ष्य पब्लिक स्कूल, डीएवी इंटर कॉलेज बागपत, बड़ौत के जेपी पब्लिक स्कूल, खेकड़ा का विद्या भवन, गुरुकुल व होली चाइल्ड एकेडमी सहित 14 स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। शनिवार से बोर्ड परीक्षा शुरू हो जाएगी। परीक्षा को दृष्टिगत रखते हुए सभी केंद्र व्यवस्थापकों ने तैयारियां पूरी कर ली है।
गड़बड़ी नहीं हो सके, इसके लिए ड्यूटी करने वाले शिक्षकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। 14 परीक्षा केंद्रों पर दस हजार से अधिक विद्यार्थी पंजीकृत हैं। सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से खुद के कर्मचारियों को भी लगाया गया है। परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने के लिए दूसरे जिलों के शिक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि परीक्षा नकलविहीन कराई जा सके।