बागपत। सीबीएसई की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं आज से शुरू हो रही हैं। इसमें छात्रों को कोरोना गाइडलाइन का पालन कराया जाएगा। एक कक्ष में अधिकतम 18 छात्रों के बैठने की अनुमति रहेगी। पूरी परीक्षा सीसीटीवी की निगरानी में कराई जाएगी। सीबीएसई की ओर से परीक्षा संबंधी गाइड लाइन जारी कर दी गई है।
आज से शुरू हो रही सीबीएसई की परीक्षा को लेकर जिले में 16 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर दसवीं के 4757 छात्र-छात्राएं और 12वीं के 3451 छात्र-छात्राएं परीक्षा के लिए पंजीकृत हैं। सीबीएसई की ओर से केंद्र व्यवस्थापकों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए गाइडलाइन का पालन कराने और सीसीटीवी की निगरानी में परीक्षा कराने के लिए निर्देश दिए हैं। परीक्षा केंद्र सेंट एंजेल्स पब्लिक स्कूल के प्रबंधक अजय गोयल ने बताया कि परीक्षा की सभी तैयारी पूरी कर ली हैं। परीक्षा शांतिपूर्ण कराने के लिए केंद्र पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। परीक्षा में मास्क की अनिवार्यता रहेगी और छात्रों को कोरोना गाइडलाइन का पालन कराया जाएगा।
इन स्कूलों को बनाया परीक्षा केंद्र
सीबीएसई की परीक्षा के लिए जिले में डीएवी पब्लिक स्कूल बागपत, जेपी पब्लिक स्कूल बड़ौत, होली चाइल्ड एकेडमी खेकड़ा, सेंट एंजेल्स पब्लिक स्कूल बागपत, गुरुकुल विद्यापीठ पाठशाला रोड खेकड़ा, कोनार्क विद्यापीठ खेकड़ा, इंद्रप्रस्थ पब्लिक स्कूल काठा, कुमकुम मोदी पब्लिक स्कूल, रेजोनेंस पब्लिक स्कूल बड़ौत, सीकेएसडी पब्लिक स्कूल कोताना, लॉर्ड महावीरा कोताना रोड बड़ौत, गेटवे इंटरनेशन स्कूल बागपत, ग्रोवेल स्कूल बड़ौत, जौहर पब्लिक स्कूल महावतपुर, सर्वोदय पब्लिक स्कूल अग्रवाल मंडी टटीरी और जय पार्वती ग्लोबल स्कूल रमाला को केंद्र बनाया है।