-ओटीएस योजना को सफल बनाने के लिए बनाई रणनीति
बड़ौत। ऊर्जा निगम के अफसरों ने ओटीएस योजना को सफल बनाने के लिए पूरी तरह से कमर कस ली है। विभाग ने रविवार और छुट्टी के दिन भी कैश काउंटर खोलने का निर्णय लिया है। इस संबंध में कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है। साथ ही हिदायत दी है, अगर किसी ने बिना बताए छुट्टी की तो विभागीय कार्रवाई की लाएगी।
राजस्व लक्ष्य को शत-प्रतिशत प्राप्त करने के लिए ऊर्जा निगम ने एकमुक्त समाधान योजना गत 8 नंवबर से शुरू की थी, जो फिलहाल 31 दिसंबर तक जारी रहेगी। योजना के तहत पहले आओ, अधिक पाओ की छूट दे रखी है। साथ ही बिजली चोरी के केस में पकड़े गए लोगों को भी 65 प्रतिशत छूट का प्रावधान रखा गया है। योजना का लाभ लेने के लिए आगामी 30 नवम्बर से पहले रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य है। अब विभाग ने अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को योजना का लाभ देने के लिए छुट्टी और रविवार को भी कैश काउंटर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक खोलने के लिए निर्देशित किया है। एक्सईएन द्वितीय केपी पुरी ने बताया कि रविवार व छुट्टी के दिन भी कैश काउंटर खुले रहेंगे। वहीं छुट्टी पर रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।