बड़ौत। बड़ौली झाल पूर्वी यमुना नहर पर शुक्रवार की तड़के बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक से बाइक, 28 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की लेकिन सफलता नहीं मिली। पीड़ित ने कोतवाली पर बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी।
पीड़ित महिपाल शर्मा पुत्र नानक शर्मा बड़ौत नगर के रहने वाला है। शुक्रवार की सुबह वह पूर्वी यमुना नहर की पटरी से होते हुए टटीरी जा रहा था। बड़ौली झाल के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया और तमंचे के बल पर पल्सर बाइक, 28 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर महिपाल के साथ मारपीट की और पास के एक ईख के खेत में बंधक बनाकर डालकर भाग निकले। ग्रामीणों ने महिपाल को बंधन मुक्त किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इंस्पेक्टर अजय शर्मा ने बताया कि तहरीर पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।