बागपत। फोन पर तलाक देने के मामले में रमाला थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला की शिकायत के बाद एएसपी के निर्देश पर महिला थाना प्रभारी ने ससुलराल वालों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रमाला थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बीती 22 जून को एएसपी से शिकायत की थी। उसने बताया कि उसका निकाह साढ़े तीन साल पूर्व सहारनपुर के देवबंद थाना क्षेत्र के एक युवक से हुआ था। उसके निकाह में दिए गए दहेज से ससुराल वाले खुश नहीं थे। उसने मायके से कई बार और दहेज लाकर दिया परंतु कुछ दिन बाद दोबारा दहेज की मांग करने लगते थे। वे कुछ समय से एक लाख रुपये और कार की मांग कर रहे थे। असमर्थता जताने पर उसका उत्पीड़न किया जाने लगा था। आरोप है कि बीती 19 जून को ससुराल वालों ने उसे गला घोंटकर जान से मारने का प्रयास किया। जिसके बाद वह मायके में आ गई। आरोप है कि पति ने 20 जून को फोन करके तीन बार तलाक बोलकर तलाक दे दिया था। इसकी शिकायत एएसपी के निर्देश पर पीड़िता की तहरीर पर महिला थाना में आरोपी पति फरमान, ससुर सईद अहमद व सास सलमा के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। उधर, महिला थाना प्रभारी का कहना है कि केस की विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।