कांसापुटठी नांगल गांव में बच्ची से पढ़ाई के विषय में जानकारी लेते बीएसए राजीव रंजन मिश्रा
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। बेटियों की शिक्षा के लिए चलाई जा रही अमर उजाला की मुहिम का असर दिखने लगा है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव रंजन मिश्रा कासा पुट्ठी पहुंचे। ग्रामीणों से घर-घर जाकर शिक्षा और बच्चों के स्कूल जाने की हकीकत जानी। ग्रामीणों से कहा कि वह बेटियों को जरूर पढ़ाएं। शिक्षा से ही जीवन संवरता है।
शुक्रवार को कासा पुट्ठी पहुंचे बीएसए ने घर-घर पहुंचकर बेटियों की शिक्षा की स्थिति के विषय में जाना। ग्रामीणों से पूछा कि आखिर क्यों बेटियों को पांचवीं के बाद स्कूल नहीं भेजा जा रहा है। अगर कोई समस्या है, तो उसका समाधान कराया जाएगा। बेटियों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया। कहा कि बेटियों की शिक्षा के प्रति बिल्कुल भी लापरवाही न बरतें। शिक्षा से ही भविष्य खुशहाल होगा।
प्राथमिक स्कूल के प्रधानाध्यापक सम्मानित
बागपत। बीएसए राजीव रंजन मिश्रा ने प्राथमिक स्कूल कासा पुट्ठी के इंचार्ज अय्यूब को सम्मानित किया। स्कूल में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए ट्राफी प्रदान कर सम्मानित किया। बीएसए ने कहा कि प्राथमिक स्कूल में संख्या बढ़ी हैं। जो बेटियां पांचवीं के बाद स्कूल नहीं जा रही हैं, उनका प्रवेश भी कराया जाएगा।
ग्रामीणों ने कहा बस डर लगता है
बागपत। ग्रामीण मोमिन, यामीन, साबरी, छोटी ने बीएसए से कहा कि गांव के स्कूल को ही आठवीं तक का दर्जा दिया जाना चाहिए। दूसरे स्कूल दूर हैं। जंगल से बेटियों को भेजते हुए डर लगता है। बीएसए ने ग्रामीणों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि शिक्षा विभाग पूरी तरह गांव के साथ है। किसी को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।