विद्युत केंद्रो की बढ़ेगी क्षमता की खबर से संबंधित फोटो। बागपत के मेरठ रोड स्थित 132केवी विद्
बागपत। ऊर्जा निगम अधिकारियों ने जिले में बिजली आपूर्ति सुधारने के लिए बिजनेस प्लान के तहत 70 करोड़ की योजना मंजूर कर बजट प्राप्त करने को मुख्यालय को भेजा है। बड़ौत शहर समेत दो स्थानों पर नए विद्युत उपकेंद्रों का निर्माण होगा। वहीं 12 उप केंद्रों की क्षमता वृद्धि की जाएगी। बिजली की लाइनों के जर्जर तारों को भी बदला जाएगा।
बड़ौत शहर में ओवरलोड खत्म कर बेहतर बिजली आपूर्ति कराने के लिए 10 एमवीए क्षमता का विद्युत उप केंद्र बनेगा। इसके लिए जमीन तलाशी जा रही है। गौरीपुर जवाहरनगर गांव में भी 10 एमवीए का नया उप केंद्र का निर्माण होगा जिसके लिए जमीन मिल गई है। दोनों उप केंद्रों के निर्माण पर 11 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।
इनके अलावा ओवरलोड खत्म करने को बड़ौत शहर, रिवर पार्क, बिहारीपुर, संतनगर, लोयन, खेकड़ा, डौला, बावली तथा रटौल समेत 12 विद्युत उप केंद्रों की क्षमता वृद्धि की जाएगी। इनमें से अधिकांश की दोगुनी क्षमता होगी। ओवर लोड खत्म करने को 14 नए फीडरों का भी निर्माण कराया जाएगा। इनके अलावा आबादी तथा सिंचाई के लिए लगे 255 ट्रांसफार्मरों की अब क्षमता वृद्धि कराने का प्रस्ताव है।
आबादी क्षेत्रों में 65 नए ट्रांसफार्मर लगेंगे। बिजली की लाइनों के जर्जर तारों को भी बदलवाने का काम होगा। इस काम के होने से जिले में बिजली संकट काफी हद तक खत्म हो जाएगा। लाइन लास में भी कमी आने से ऊर्जा निगम को फायदा होगा। एसई केपी खान ने कहा कि यह बजट उच्चाधिकारियों को भेजा जा चुका है।