ईर्स्टन पेरीफेरल एक्सप्रेस वे पर पलटा पड़ा मूंगफली से लदा कैंटर।
- फोटो : KAHKRA
रिम टूटने से तेज रफ्तार कैंटर पलटा, दो गंभीर
खेकड़ा। ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस वे पर टायर का रिम टूटने से कैंटर पलट गया। हादसे में चालक व हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को गाजियाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे के कारण करीब दो घंटे तक वाहन रेंगते रहे। कैंटर बिहार जा रहा था।
बिहार के अररिया जिला निवासी मुकेश कैंटर चलाते हैं। शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे वह अलीपुर दिल्ली से गाड़ी में मूंगफली लादकर वाया ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस वे से जा रहे थे। तभी खेकड़ा ओवरब्रिज के पास अचानक कैंटर के टायर का रिम टूट गया। इससे गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक मुकेश व हेल्पर संजय दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। गाड़ी पलटने से मार्ग पर मूंगफली बिखर गई, जिससे मार्ग अवरुद्ध हो गया। राहगीरों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को कैंटर बाहर निलकालकर गाजियाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद पुलिस ने एक्सप्रेस वे पर पलटे कैंटर को क्रेन बुलवाकर से हटवाया तो करीब दो घंटे बाद यातायात सुचारु हुआ।