अमीनगर सराय। सिंघावली अहीर क्षेत्र के नंगला रवा गांव के जंगल में आराम कर रहे युवक को कैंटर चालक ने कुचल दिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने कैंटर चालक को पकड़ लिया है। उधर, हादसे से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है।
सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के नंगला रवा का ओमकार (24) पुत्र जयपाल सिंह मंगलवार को अपने खेतों पर काम करने के लिए गया था। दोपहर में वह अपने खेतों के पास एक पेड़ के नीचे सड़क किनारे आराम करने के लिए लेट गया। इसी दौरान एक कैंटर चालक खेतों से खीरे लेने पहुंचा। बैक करते वक्त कैंटर ओमकार के ऊपर चढ़ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने कैंटर चालक रविंद्र को गाड़ी सहित पकड़ लिया। मृतक के पिता ने सिंघावली अहीर थाने पर गाड़ी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। युवक की मौत से गांव में गमगीन माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।