बागपत। डीएम राजकमल यादव ने कहा कि पंचायत चुनाव के मतदान के दौरान पुलिस-प्रशासन की अपराधिक छवि वाले प्रत्याशियों पर कड़ी नजर रहेगी। माहौल बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। डीएम ने मतदाताओं से अपील की है कि निर्भीक होकर कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें। कोई भी प्रत्याशी या उसका समर्थक किसी मतदाता को डराता या धमकाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों की सूचना पुलिस को दें।
आज जिले में रहेगा सार्वजनिक अवकाश
डीएम ने पंचायत चुनाव के मतदान के लिए सोमवार को सार्वजनिक अवकाश के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को मतदान के लिए उचित अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से कारखानों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। कर्मचारियों से अगले साप्ताहिक अवकाश में भी कार्य नहीं लिया जाएगा। मतदान के दिन वाणिज्यिक अधिष्ठानों में सामान्य साप्ताहिक अवकाश नहीं है तो यह दिन बन्दी दिवस के रूप में मनाया जाएगा।