बड़ौत (बागपत)। जनपद के 13 परीक्षा केन्द्रों पर शनिवार को सीबीएसई इंटरमीडिएट की साइंस विषय की परीक्षा संपन्न कराई गई। कुल 2058 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे, जिनमें से 2015 उपस्थित रहे और 43 छात्र अनुपस्थित रहे। परीक्षा देकर बाहर आए अधिकांश परीक्षार्थियाें ने पेपर को कठिन बताया।
वनस्थली पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य रणवीर सिंह, माउंट लिटरा स्कूल के प्रधानाचार्य विनय चौधरी व जेपी पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर गौरव शर्मा ने बताया कि संघन चेकिंग के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्रों के अंदर एंट्री दी गई। मोबाइल व अन्य सामग्री परीक्षा केन्द्रों से बाहर रखवा दी गई। जिला कोआर्डिनेटर डा मुकेश गुप्ता ने बताया कि जनपद में 13 परीक्षा केन्द्रों में परीक्षा संपन्न कराई गई।
वनस्थली स्कूल के साइंस टीचर रिषभ जैन ने बताया कि पेपर कुल मिलाकर कठिन रहा। जिन बच्चों ने निरंतर साइंस विषय को समय दिया होगा, उनके लिए पेपर को करना आसान रहा होगा। मगर, जिन बच्चों ने साइंस को महत्व नहीं दिया तो उनके लिए जरूर पेपर कठिन रहा। छात्रा पायल जैन ने बताया कि पेपर कठिन रहा, क्योंकि कई प्रश्न आउट ऑफ सेेलेबस थे। छात्रा दीपिका व सोनिया ने बताया कि कई प्रश्न आउट ऑफ सेलेबस रहे। ओवर आल पेपर कठिन रहा।
डीआईओएस को सम्मानित किया
बागपत। अपर जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह ने शनिवार को बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन कराने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक ओमदत्त सिंह को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।