शिक्षकों से एकजुट होने का आह्वान किया
बड़ौत (बागपत)। जनता वैदिक माडर्न कॉलेज में बुधवार को उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई गुट के तत्वावधान में शैक्षिक गोष्ठी व वार्षिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमेें शिक्षकों की समस्याओं पर मंथन किया गया। एकजुट होने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि संयुक्त शिक्षा निदेशक ओपी द्विवेदी, जिला विद्यालय निरीक्षक ओमदत्त ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शैक्षिक गोष्ठी की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रमोद प्रकाश ने की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. उमेश त्यागी ने कहा कि जो उपलब्धियां सामूहिक संघर्षों से प्राप्त की थी, सरकार लगातार उन पर कुठाराघात करती आ रही है। प्रांतीय मंत्री सुशील कुमार ने एकजुट होकर संघ की ताकत का एहसास कराने पर बल दिया। कार्यक्रम संयोजन सुशील चौधरी ने सरकार की निष्ठा पर शंका जताई। कहा कि प्रबंधतंत्र शिक्षकों के उत्पीड़न पर उतारू है। इस दौरान शिक्षकों ने डीआईओएस कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया और कहा कि संघ इससे कतई बर्दास्त नहीं करेगा। कार्यक्रम में राजीव तोमर, संजीव तोमर, राजगुरू तोमर, देवेंद्र सोलंकी, अरूण मलिक, तेजबीर यादव, दीपेंद्र चौहान, विशाल राय, अरविंद तोमर, सतीश वर्मा, सदाराम व जिला मंत्री दीपक नैन शामिल रहे।