बागपत। कार और एक लाख की मांग पूरी न होने पर महिला को पति ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। इसके बाद फोन पर तीन तलाक दे दिया। पीड़ित ने एएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। महिला की शिकायत की जांच सीओ बड़ौत को सौंपी गई है।
मंगलवार को रमाला थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने एएसपी से शिकायत कर बताया कि उसका निकाह करीब साढ़े तीन वर्ष पूर्व सहारनपुर निवासी एक युवक के साथ हुआ। आरोप है कि शादी में दिए गए दान दहेज से ससुराल वाले खुश नहीं थे। एक लाख रुपये व कार की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उसे मारपीट कर निकाल दिया। मायके में उसने जुड़वां बेटा-बेटी को जन्म दिया। मायके पक्ष ने ससुरालियों को एक लाख रुपये भी दिए, लेकिन वे कार की मांग पर अड़े रहे। मामले में शिकायत के बाद पुलिस ने समझौता करा दिया। चार माह बाद उसे फिर उत्पीड़न कर 19 जून को बेरहमी से मारपीट कर निकाल दिया। उसके परिजन उसे अपने साथ ले आए। इसके बाद अगले दिन आरोपी पति ने फोन कर उसके साथ गाली-गलौच की और तीन तलाक दे दिया। घटना की शिकायत रमाला थाने पर की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। एएसपी मनीष कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना की जांच सीओ बड़ौत को दी है। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।