पिलाना (बागपत)। सिंघावली अहीर थाने के पास मैरिज होम के बाहर खड़ी बाइक चोरी करते हुए दो युवकों को रविवार की रात में लोगों ने पकड़ लिया और उनकी जमकर धुनाई की। बाद में इस मामले को लेकर बैठी दो गांव के लोगों की पंचायत ने आरोपियों पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। आरोपियों ने जुर्माने की राशि कार मालिक को दी।
अब्दुलपुर मेवला गांव के युवक की बारात रविवार को सिंघावली अहीर गांव में गई थी। एक युवक ने मैरिज होम के सामने खड़ी बाइक चोरी कर ली। उसे अपने घर ढिकौली गांव में खड़ी करने पहुंचा। वहां से अपनी बाइक पर अपने साथी को लेकर दोबारा मैरिज होम में पहुंचा। वहां से दूसरी बाइक अपने साथी के साथ चोरी करने लगा। इसी दौरान उन पर लोगों की नजर पड़ गई। शोर मचाने पर आरोपी एक कार में तोड़फोड़ कर भागने लगे। पीछा करने पर उनको पकड़ लिया। आरोपियों को अब्दुलपुर मेवला ले जाया गया। इस मामले को लेकर दोनों गांवों के जिम्मेदार लोग की पंचायत हुई।
इस दौरान आरोपी युवकों ने पंचायत में माफी मांगी। पंचायत ने आरोपियों पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। यह रकम मरम्मत के लिए कार मालिक को दी गई। ग्राम प्रधान के पति संजय ने बताया मैजिक होम के सामने से बाइक चोरी की गई थी। इस मामले में गांव में पुलिस आई थी, लेकिन गांव के पीड़ितों ने पुलिस कार्रवाई करने से इंकार कर दिया। पंचायत में आरोपियों पर कितना जुर्माना लगाया। इसकी उनको सहीं जानकारी नहीं है।