एंबुलेंस की चैकिंग करते परिवहन के अधिकारी
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। चतुर्थ सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत बुधवार को उप संभागीय विभाग व चिकित्सकों की टीम ने अस्पताल व सड़क किनारे खड़ी एंबुलेंस की चेकिंग कर दस का चालान कर एक सीज कर दी। इसके अतिरिक्त यातायात के नियमों का पालन न करने पर 53 अन्य वाहनों का चालान किया गया।
एआरटीओ सुभाष राजपूत, आरआई विनय कुमार सिंह और एसीएमओ डॉ. मुरली मोहन भदौरिया ने सड़क से गुजरने और अस्पतालों के बाहर खड़ी एंबुलेंस की तकनीकी जांच की। इसके साथ ही उनमें चिकित्सीय उपकरणों की उपलब्धता और मानव संसाधनों की जांच की। टीम ने 22 एंबुलेंस की जांच कर हॉस्पिटल के बाहर खड़े आठ तथा सडक किनारे खड़ी दो एंबुलेंस का चालान किया तथा एक सीज कर दी। जांच के दौरान अधिकतर वाहन अन्य जिलों में रजिस्टर्ड मिले। इसके अतिरिक्त पांच वाहनों का गलत साइड में चलने, तीन वाहन को गलत लेन में चलने और 45 वाहनों का सीट बेल्ट और हेलमेट के लिए चालान किया गया।
छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों की शपथ दिलाई
अमीनगर सराय। सड़क सुरक्षा सप्ताह अंतर्गत कस्बे के जयसगर कन्या इंटर कॉलेज में छात्राओं व शिक्षिकाओं ने यातायातनियमों का पालन करने की शपथ ली। शिक्षिकाओं ने छात्राओं को वाहनों की गति, दुपहिया वाहन पर दो से अधिक सवारी न बैठाने और हेलमेट का प्रयोग करने, मोड़ पर इंडिकेटर का प्रयोग करने की जानकारी दी। इस मौके पर प्रभारी प्रधानाचार्या अनिता जैन, कमलेश जैन, अनु कौशिक, स्वाति पालीवाल, दिनेश जैन व छात्राएं मौजूद रहीं। संवाद