एक्साइज ड्यूटी के विरोध में 1 मार्च से चल रही हड़ताल से सराफा व्यापारियों ने कदम पीछे खींच लिए हैं। 40 दिन से अधिक समय की हड़ताल सोमवार को खत्म हो जाएगी।
सोमवार से सराफा व्यापारी अपनी दुकानें खोल लेंगे। सराफ व्यापारियों ने ग्राहकों की मांग का हवाला देकर हड़ताल खत्म करने का निर्णय लिया है।
सरकार द्वारा लगाई गई एक्साइज ड्यूटी के विरोध में बागपत में सराफा व्यापारियों ने एक मार्च से हड़ताल शुरू कर दी थी। बीच में दो तीन दिन दुकानें खोलीं गईं। बाद में बंद कर दी और बड़ा बाजार में धरना देकर क्रमिक अनशन भी शुरू कर दिया।
सराफा व्यापारी हड़ताल को अब आगे बढ़ाने के लिए तैयार नहीं है। अनिश्चितकालीन हड़ताल से कदम पीछे खींच सोमवार से सराफा व्यापारी अपने-अपने प्रतिष्ठान खोलने की तैयारी कर ली है।
श्री मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार विकास समिति के अध्यक्ष मनोज वर्मा ने बताया ग्राहक धरने के बीच पहुंचकर व्यापारियों से मजबूरी बता रहे हैं। शादी सीजन शुरू हो रहा है। ग्राहकों की समस्याओं को देख उन्होंने दुकानें खोलने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा केंद्र सरकार ने सराफा व्यापारियों के आंदोलन को दरकिनार किया। धरने की शुरूआत से लेकर अंत तक एक बार भी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। धरने का सरकार पर कोई भी प्रभाव नहीं पड़ता नजर आ रहा है। इसमें राम किशन वर्मा, जयप्रकाश वर्मा, सत्यवान वर्मा, नरेंद्र वर्मा, श्रीपाल, प्रदीप, रमेश, रवि, राकेश, बांके लाल, वेदप्रकाश, कृष्ण, पप्पू, सतपाल, प्रेमपाल वर्मा मौजूद रहे।