बागपत। बागपत में अब जल्द ही ईसीएचएस पॉली क्लीनिक का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए जमीन की तलाश करने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही जनवरी के दूसरे सप्ताह में पूर्व सैनिक रैली कराई, जिसमें पूर्व सैनिकों की समस्याओं को सुनकर निस्तारण कराया जाएगा।
रालोद सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने लोकसभा में बागपत में ईसीएचएस पॉली क्लीनिक का निर्माण करवाने व पूर्व सैनिक रैली करवाने का मुद्दा उठाया था। जिसके बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सब एरिया हेड क्वार्टर के मेजर जनरल सुमित राणा ने सांसद को पत्र भेजा है। सांसद ने बताया कि पत्र में बताया कि पूर्व सैनिकों व उनके आश्रितों के लिए ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक का निर्माण कराने के लिए विभाग गंभीर है। जमीन का चयन, अनुमोदन और अन्य प्रशासनिक प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि पॉली क्लीनिक का निर्माण कराकर पूर्व सैनिकों को इसका लाभ दिलाया जा सके। इसके अलावा जनवरी माह के द्वितीय सप्ताह में ज़िले में एक पूर्व सैनिक रैली कराई जाएगी और उनकी समस्या को सुनने के बाद निस्तारण किया जाएगा। पूर्व सैनिकों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।