बड़ौत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बावली गांव के समीप बृहस्पतिवार को एक ट्रक ने भैंसा-बुग्गी को जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें भैंसा-बुग्गी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इसकी जानकारी पाकर पहुंची पुलिस ने भाग रहे ट्रक चालक को धर दबोचा और युवक को गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बावली गांव की पट़टी गोपी निवासी युवा किसान निखिल (28) पुत्र अशोक कुमार अपने छोटे भाई मोहित के साथ भैंसा-बुग्गी लेकर खेत जा रहा था। निखिल गांव के बाहर दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर पहुंचा। इसी दौरान दिल्ली की ओर तेज गति से जा रहे ट्रक ने भैंसा-बुग्गी को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बुग्गी सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई। इसके परिणामस्वरूप निखिल गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी पाकर पहुंची पुलिस ने मौके से टक्कर मारकर भाग रहे ट्रक चालक को धर दबोचा और घायल निखिल एवं मोहित को सीएचसी में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने निखिल को मृत घोषित कर दिया। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं, सीओ आलोक कुमार ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। वहीं, निखिल के पिता अशोक कुमार की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।