बागपत विकास भवन में बैठक को संबोधित करती डीएम शकुंतला गौतम
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। डीएम शकुंतला गौतम ने कर करेत्तर, राजस्व वसूली और नगर निकायों के कार्यों की समीक्षा की। लक्ष्य के सापेक्ष कम वसूली करने पर आबकारी इंस्पेक्टर समेत 11 अधिकारियों को डीएम ने कठोर चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए हैं। लंबित शिकायतों के कारण बीएसए, डीसीओ और खंड शिक्षा अधिकारी बड़ौत व खेकड़ा का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
बुधवार को विकास भवन में आयोजित बैठक में डीएम ने नगर पंचायत छपरौली, टीकरी और बागपत के अधिशासी अधिकारियों को राजस्व वसूली में वृद्धि न करने पर कठोर चेतावनी जारी की। कहा कि जिन स्थानों पर कान्हा गोशाला का कार्य चल रहा है, वह मानक के अनुसार गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। बड़ौत, बागपत, खेकड़ा के तहसीलदार और नायब तहसीलदार से भी राजस्व वसूली लक्ष्य के सापेक्ष न करने पर नाराजगी व्यक्त की और कठोर चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा राजस्व वसूली में कोई भी लापरवाही ना करें। कहा कि तहसील क्षेत्र में जो बड़े बकाएदार हैं, उन पर कानूनी कार्यवाही करते हुए गिरफ्तारी करना सुनिश्चित करें। आबकारी, वाणिज्य, स्टांप और खनन की बड़े बकाएदारों की आरसी जारी की जाएं।
जिलाधिकारी ने एसडीओ वन विभाग कल्याण सिंह ने कार्य के प्रति रुचि ना लेने और राजस्व मानक के अनुसार प्रगति न करने पर प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की। आईजीआरएस पोर्टल, सीएम हेल्पलाइन आदि संदर्भों के संबंध में भी समीक्षा की। शिकायतों के लंबित होने पर बीएसए, खंड शिक्षा अधिकारी बड़ौत, खंड विकास अधिकारी खेकड़ा, जिला गन्ना अधिकारी अनिल कुमार भारती का वेतन रोकने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम अमित कुमार सिंह और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।