अग्रवाल मंडी टटीरी (बागपत)। बली गांव में मंगलवार की दोपहर चोरों ने एक बंद मकान के तोड़कर 50 हजार रुपये नकद और करीब छह लाख के जेवर और कपड़े आदि चोरी कर लिए। पूरा परिवार शादी समारोह में शामिल होने गया था। लौटने पर चोरी का पता चला। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है।
बली निवासी राजवीर पुत्र चरण सिंह ने बताया कि मंगलवार की सुबह वह अपने परिवार के साथ गांव में ही मेमपाल हवलदार के यहां शादी समारोह में गया था। इस दौरान चोर बाहरी गेट का ताला तोड़कर मकान में घुस गए और अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब 50 हजार रुपये नकद, परिवार के जेवर, एटीएम कार्ड व कपड़े चोरी कर लिए। अंदर से कुंडी लगाकर मकान के पिछले रास्ते से फरार हो गए। शाम को साढ़े चार बजे परिवार लौटा तो चोरी की जानकारी हुई। चोर 50 हजार रुपये नकद और करीब छह लाख के जेवर और कपड़े आदि चोरी कर ले गए है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी है। सीओ मंगल सिंह रावत का कहना है कि प्रकरण की जांच कराई जा रही है।