बड़ौत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर शुक्रवार की रात्रि में कुछ दबंगों ने एक दिव्यांग के घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। बाद में आरोपी घर से सामान भी उठाकर ले गए। हमलावरों ने पुलिस से शिकायत करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इस वारदात के बाद पीड़ित परिजन परेशान हैं। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
पीड़ित दिव्यांग अब्बास हाजी पुत्र सलीमुद्दीन ने दी तहरीर मे कहा शुक्रवार की रात्रि में करीब छह दबंग लोगों ने घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और विरोध करने पर मारपीट भी की। बाद में आरोपी घर में रखा कीमती सामान भी उठाकर ले गए और जाते-जाते यह धमकी दे गए कि यदि पुलिस से शिकायत की तो अंजाम भुगतने को तैयार रहना। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी भी दिव्यांग है और छोटे बच्चे हैं। इस वारदात के बाद उनके परिवार के सदस्य दहशत में हैं। इस संबंध में इंस्पेक्टर ने बताया तहरीर लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।