बड़ौत। आपूर्ति विभाग के अफसरों पर कमीशनखोरी का आरोप लगाकर बृहस्पतिवार को भी बड़ौत ब्लाक के राशन डीलरों का विरोध-प्रदर्शन जारी रहा। इस दौरान बिनौली और छपरौली ब्लाक के राशन डीलरों ने चल रहे विरोध-प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया और पांच जुलाई से शुरू होने वाले राशन वितरण के कार्य का बहिष्कार कर चेतावनी दी कि जब तक आपूर्ति विभाग से कुछ कर्मचारियों को नहीं हटाया जाएगा, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
ब्लाक अध्यक्ष सुधीर दांगी के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को काफी संख्या में राशन डीलर तहसील पहुंचे और एसडीएम दुर्गेश मिश्र से मिले। उन्होंने कहा आपूर्ति विभाग कार्यालय में तैनात बाबू, आपूर्ति निरीक्षक सहित बागपत कार्यालय में तैनात अधिकारी प्रत्येक राशन डीलर से हर माह 45 रुपये प्रति कुंतल के हिसाब से वसूली के साथ-साथ अलग से 1000 रुपये प्रति दुकान व नया राशन कार्ड बनाने पर 300 रुपया व राशन कार्डों में प्रति यूनिट चढ़ाने के नाम पर 100 रुपये की अवैध वसूली की जा रही है। विरोध करने पर झूठी एफआईआर की धमकी दी जा रही है, अब इसको बर्दास्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान बिनौली व छपरौली ब्लाक के भी काफी संख्या में राशन डीलर तहसील पहुंचे और चल रहे विरोध-प्रदर्शन को अपना समर्थन देते हुए आगामी पांच जुलाई से शुरू हो रहे राशन वितरण के कार्य का बहिष्कार करने का निर्णय लिया।
इस संबंध में एसडीएम दुर्गेश मिश्र ने कहा राशन डीलरों से बातचीत की जा रही है, यदि राशन डीलरों से अवैध वसूली की जा रही है तो मामला गंभीर है, डीएम को भी इस मामले से अवगत कराया जा चुका है। इसकी जांच कर जल्द ही दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। इसमें बिनौली ब्लाक अध्यक्ष मनोज कुमार, छपरौली ब्लाक अध्यक्ष रविंद्र कुमार, बड़ौत ब्लाक अध्यक्ष सुधीर दांगी, पप्पू, नीटू, सुमित, कंवर पाल, पिंटू, ब्रिजेश देवी, पुष्पा, नरेश पाल, अतुल गर्ग, संजय, प्रदीप पंवार आदि रहे।