अग्रवाल मंडी टटीरी। आर्य समाज रोड पर कैंसर पीड़ित महिला की बुधवार की रात रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने से कस्बे में हड़कंप मच गया। कस्बे में संक्रमण का यह पहला केस है। बृहस्पतिवार को सीएससी प्रभारी डॉ विभाष राजपूत के नेतृत्व में कस्बा पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महिला को मेरठ भेजकर परिजनों का सैंपल लेकर सरूरपुर में क्वारंटीन किया है। पति ने बताया कि उसकी पत्नी कैंसर से पीड़ित है और उसका दिल्ली में इलाज चल रहा है। बृहस्पतिवार को उसकी पत्नी का ऑपरेशन होना था। आपरेशन से पूर्व चिकित्सकों ने महिला की कोरोना की जांच कराने के लिए कहा था। दो दिन पूर्व महिला की कोरोना की जांच कराई गई थी, बुधवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उधर, नगर पंचायत ने पीड़िता की गली सहित आसपास की गलियों में सैनिटाइजर का छिड़काव कराया।
छपरौली रेड जोन घोषित, बंद कराया मार्केट
छपरौली। कस्बे के सात लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए छपरौली को रेड जोन में घोषित कर दिया है। केस मिलने वाले स्थानों को चिह्नित कर बैरिकेडिंग कर आवागमन बंद कर दिया गया है। चौराहा से लेकर सब्जी मंडी, मैन बाजार, प्राथमिक विद्यालय नंबर चार व देवेंद्र की भट्टी तक के एरिया को बैरिकेडिंग कर सील कर दिया गया है। नायब तहसीलदार धर्मेंद्र कुमार, इंस्पेक्टर दिनेश कुमार चिकारा, सीएससी अधीक्षक डॉ अजेंद्र मलिक ने निशानदेही कर बैरीकेडिंग कराई। फायर ब्रिगेड की टीम की ओर से बृहस्पतिवार को थाना छपरौली, सब्जी मंडी, मैन बाजार, सीएचसी को सैनिटाइज कराया गया। सीएससी अधीक्षक ने बताया कि एक युवक संक्रमित था लेकिन जानकारी नहीं दी गई, उससे अन्य लोग भी संक्रमित हो गए। युवक की लापरवाही के कारण छपरौली रेड जोन में आ गया। युवक के खिलाफ एफआईआर कराई जाएगी।