बड़ौत (बागपत)। वरिष्ठ बुद्धिजीवियों के प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में भारत के पूर्व उपप्रधानमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी से मुलाकात की।
इस अवसर पर प्रकाशन समूह के प्रबंध निदेशक प्रशांत जैन ने पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी को वरिष्ठ इतिहासकार डॉ अमित राय जैन द्वारा लिखित पुस्तक ‘सेक्रेड रिवर्स ऑफ इंडिया’ समर्पित की। इसके अलावा गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति द्वारा प्रकाशित वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद कुमार द्वारा लिखित पुस्तक ‘आधुनिक भारत के गुमनाम समाज-शिल्पी’ भी भेंट की। इस अवसर पर गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति द्वारा प्रकाशित पत्रिका ‘अंतिम जन’ के सहायक संपादक पंकज चौबे, गंगा सेवा संस्था के संस्थापक श्रवण गोयल भी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल के सभी सदस्यों ने उनसे देश के वर्तमान परिदृश्य में बुद्धिजीवी वर्ग के योगदान पर चर्चा की। गौरतलब है कि बड़ौत निवासी इतिहासकार डॉ अमित राय जैन की नवीनतम पुस्तक ‘सेक्रेड रिवर्स ऑफ इंडिया’ की भूमिका जल पुरुष राजेंद्र सिंह एवं पुरोवाक मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक द्वारा लिखी गई है। देश के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी द्वारा भी पुस्तक पर 17 पृष्ठीय अनुशंसा का लेखन किया गया है।