बागपत के बड़ौत खंड विकास कार्यालय गेट पर सोमवार को कूड़ा डाल रहे लोगों को ब्लाक कर्मचारियों ने दौड़ा लिया। इस दौरान ब्लाक कर्मचारियों की लोगों से नोकझोंक हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत किया।
पिछले 60 साल से ब्लाक के आसपास रहने वाले लोग आसपास की गंदगी ब्लाक कार्यालय गेट पर डाल रहे हैं। इसको लेकर सैकड़ों बार ब्लाक के अधिकारी प्रशासनिक, पुलिस प्रशासन को शिकायत कर चुके हैं। सोमवार को जैसे ही कुछ लोग ब्लाक गेट पर गंदगी डालकर वापस जा रहे थे, तभी सूचना पर पहुंचे ग्राम सचिव सुधीर चौहान, सुधीर तोमर, वरिष्ठ सहायक विनीत मलिक, भूपेंद्र और कंप्यूटर आपरेटर नीरज ने उन्हें घेर लिया। इसे लेकर वहां हंगामा शुरू हो गया। इस दौरान ब्लाक कर्मचारियों की लोगों से नोकझोंक भी हुई। इस दौरान ब्लाक कर्मचारियों द्वारा उक्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात पर लोग वहां से भाग निकले।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप करके मामला शांत किया। बीडीओ प्रेमचंद ने कहा सैकड़ों बार ब्लाक गेट पर गंदगी न डालने को लेकर लोगों से अनुरोध कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा यदि इस बार कोई व्यक्ति कूड़ा डालता पकड़ा तो उसके खिलाफ ब्लाक की तरफ से एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।