लेखपाल और नगरपालिका के जेई ने कार्रवाई का आश्वासन देकर अनशन समाप्त कराया
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। सूर्य नगर निवासी भाजपा कार्यकर्ता रामकुमार पंवार शुक्रवार को बसंत बिहार में अपने प्लाट के सामने अनशन पर बैठ गए। सूचना पर एसडीएम ने तहसील से लेखपाल और नगरपालिका के जेई को मौके पर भेजा। दोनों ने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर अनशन खत्म कराया।
सूर्य नगर निवासी भाजपा कार्यकर्ता रामकुमार पंवार ने एसडीएम को शिकायत देकर नगरपालिका के अधिकारियों पर बसंत बिहार स्थित उसके प्लाट पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया था। इसे लेकर रामकुमार चार मई को तहसील में अनशन पर बैठ गए थे। इसके बाद एसडीएम पूजा चौधरी ने दो दिन का समय मांगा था और ईओ अनुज कौशिक व जेई कामेंद्र को मौके पर जाकर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। शुक्रवार को दो दिन पूरा होने के बावजूद कार्रवाई न होने पर रामकुमार ने एक बार फिर अनशन शुरू कर दिया। इसकी सूचना एसडीएम को दी। एसडीएम ने नगरपालिका जेई कामेन्द्र व लेखपाल शैलेष को मौके पर भेजा। दोनों ने कागजात की जांच कर जल्द समाधान करने का आश्वासन देकर अनशन खत्म कराया। ईओ अनुज कौशिक ने बताया कि नगरपालिका के रिकार्ड को देख आगे की कार्रवाई की जाएगी।