सांकरौद गांव में आयोजित कार्यक्रम में मंचासीन कांग्रेस पदाधिकारी
- फोटो : BAGHPAT
खेकड़ा (बागपत)। कृषि कानूनों के विरोध में सांकरौद गांव में कांग्रेस सेवादल ने खाट सभा का आयोजन किया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी देसाई ने किसानों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों पर जबरन कृषि कानूनों को थोपना चाहती है। सरकार की नीति किसान विरोधी है।
शुक्रवार को सांकरौद में किसान रामपाल सिंह के आवास पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जत्था पहुंचा। यहां पर खाट सभा की गई। जिसमें कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान सरकार की तरफ से जो किसान विरोधी काला कानून लाया गया है। इससे किसान और मजदूर ही नहीं बल्कि पूरा देश प्रभावित होगा। सभी को इस काले कानून के खिलाफ आवाज उठानी होगी। जिस प्रकार गरीबों को कोटे की दुकान से मिलने वाला मिट्टी का तेल बंद कर दिया गया, उसी प्रकार सस्ते अनाज का वितरण भी समाप्त कर दिया जाएगा। सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रमोद पांडे ने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार किसान विरोधी है। इस सरकार को एकजुट होकर हटाना होगा, तभी देश आगे बढे़गा। खाट सभा में पश्चिम जोन अध्यक्ष अनिल देव त्यागी, पूर्व जिलाध्यक्ष रामकुमार शर्मा, वकील अहमद, देवेन्द्र सिंह धामा, वेदपाल सिंह, ध्रुव शर्मा, विकास धामा, प्रवेश धामा, नरेंद्र सिंह, राजपाल, हरबीर, सुनील कुमार, रामबीर, नरेश, महेंद्र, भगवती देवी आदि रहे।