खेकड़ा (बागपत)। राज्यसभा में नागरिक संशोधन बिल पास होने के चलते भाजपाई गदगद हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। उन्होंने कहा कि इस बिल के जरिये भाजपा ने अपना एक और चुनावी वादा पूरा कर दिखाया है।
नागरिक संशोधन बिल के राज्यसभा में बहुमत के साथ पारित होने पर बृहस्पतिवार को भाजपा कार्यकर्ता नगर अध्यक्ष अश्वनी प्रभाकर के आवास में एकत्र हुए । इस दौरान उन्होंने मिठाइया बांटी। साथ ही एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। अश्वनी प्रभाकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के लिए समर्पित हैं। वह वोटों का नफा नुकसान न देखते हुए देश हित में फैसले ले रहे हैं। राज्यसभा में बहुमत न होते हुए भी तीन तलाक बिल लाया गया। जम्मू कश्मीर से धारा 370 और 35ए को हटाया । अब नागरिक संशोधित बिल लाया गया। उनकी देशहित की सोच के द्वारा ही सभी बिल राज्यसभा में पास हुए हैं। यह सभी भाजपा के चुनावी एजेंडे में भी शामिल थे। नागरिक संशोधन बिल से शोषण से मुक्ति के लिए पाकिस्तान आदि देशों से भारत में आए हिंदुओं को सम्मान मिलेगा। इस दौरान मनोज धामा, नीरज धामा, विक्रांत शर्मा, पिंटू धामा, दिनेश, अंकित तंवर, राजीव त्यागी, आदित्य धामा, कार्तिक, सुमित आदि रहे।