- पश्चिमी उप्र के चुनाव प्रभारी सांसद संजय भाटिया ने पन्ना प्रमुख फर्जी बनाने की शिकायत मिलने पर खुद किए फोन
- 80 प्रतिशत सही मिले, जबकि 20 प्रतिशत पन्ना प्रमुख फर्जी मिले, अब प्रभारी विधानसभा स्तर पर करेंगे समीक्षा
अंकित चौहान
बागपत। भाजपा पूरी तरह से चुनावी मोड में पहुंच गई है। चुनावी तैयारियों के लिए पदाधिकारियों की परीक्षा लेनी शुरू कर दी है, ताकि चुनाव के दौरान किसी तरह की समस्या नहीं हो। मगर, इस चुनावी तैयारियों की परीक्षा में पश्चिमी उप्र के चुनाव प्रभारी सांसद संजय भाटिया को बागपत जनपद के कुछ पन्ना प्रमुख फर्जी मिले है। इसका खुलासा तब हुआ, जब चुनाव प्रभारी ने पन्ना प्रमुखों के पास फोन किए तो वह किसी अन्य जगह पर जाकर मिले। करीब 80 प्रतिशत सही तो 20 प्रतिशत फर्जी पन्ना प्रमुख मिले। इसी को देखते हुए अब चुनाव प्रभारी सभी जिलों में विधानसभा स्तर पर बैठक करेंगे।
विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के पदाधिकारी कितने तैयार है और वह संगठन की योजना के तहत किस तरह से कार्य कर रहे है। इसकी परीक्षा लेने के लिए ही पश्चिमी उप्र के चुनाव प्रभारी सांसद संजय भाटिया ने सभी जिलों में विधानसभा क्षेत्रों में पदाधिकारियों की परीक्षा लेनी शुरू कर दी है। इनमें शक्ति केंद्र प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, पन्ना प्रमुखों की कार्यप्रणाली की जानकारी ले रहे है। चुनाव प्रभारी सांसद संजय भाटिया रविवार को बागपत, बड़ौत और छपरौली विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे तो उनको पन्ना प्रमुख फर्जी बनाए जाने का पता चला। चुनाव प्रभारी ने पन्ना प्रमुखों के मोबाइल नंबरों पर खुद फोन किया तो उनमें से 80 प्रतिशत सही मिले, जबकि 20 प्रतिशत पन्ना प्रमुख फर्जी मिले। इस पर नाराजगी जताते हुए चुनाव प्रभारी ने नए पन्ना प्रमुख बनाने के निर्देश दिए।
चुनाव में जीत के लिए मांगे जा रहे सुझाव
भाजपा ने विधानसभा चुनाव में जीत के लिए वरिष्ठ पदाधिकारियों व विधानसभा संचालन समिति के सुझाव भी लेने शुरू कर दिए है। वरिष्ठ पदाधिकारियों से हर विधानसभा के मौजूदा हालात के बारे में बातचीत की जा रही है। उनसे पूछा जा रहा है कि किस तरह से जीत दर्ज कर सकते है। पदाधिकारियों ने यह साफ कर दिया है कि इस बार चुनाव में काफी खींचतान होगी।
जन प्रतिनिधियों को लगाने होंगे दस-दस मेले, उनकी पकड़ भी देखी जाएगी
पश्चिमी उप्र के प्रभारी संजय भाटिया ने जिले में चलाए जा रहे सदस्यता अभियान को तेज करने के निर्देश दिए है। इसके लिए सभी जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्रों में सदस्य बनाने के लिए दस-दस मेले लगाने होंगे। इस तरह सभी विधायक अपने यहां दस-दस मेले लगाकर सदस्य बनवाएंगे और उससे ही उनकी क्षेत्र में पकड़ का आंकलन किया जाएगा।
ये होते है पन्ना प्रमुख
भाजपा में मतदाता सूची के हर पन्ने पर अलग-अलग पन्ना प्रमुख बनाए जाते है। जिम्मेदारी सौंपी जाती है कि वह उस पन्ने के मतदाताओं के संपर्क में रहे और उनको संगठन से जोड़ा जाएं। मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लेकर जाने की जिम्मेदारी निभाए।