- सीओ सदर ओमपाल सिंह से कहा कि उन्हें चाहिए दूसरा गनर
- जिले का वर्तमान माहौल ठीक नहीं, पुलिस को सुधारना होगा रवैया
अमर उजाला ब्यूरो
बागपत। पूर्व जिलाध्यक्ष संजय खोखर की हत्या के बाद अब वर्तमान जिलाध्यक्ष सूरजपाल गुर्जर ने भी खुद की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। सीओ सदर ओमपाल सिंह से उन्होंने कहा कि माहौल ठीक नहीं है। उन्हें दूसरा गनर दिया जाना चाहिए।
शुक्रवार को भाजपा जिलाध्यक्ष सूरजपाल गुर्जर ने पूर्व जिलाध्यक्ष सुदेश चौहान के आवास पर पहुंचे सीओ सदर ओमपाल सिंह से सुरक्षा और अन्य मुद्दे पर बातचीत की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि उनका हर जगह आना जाना रहता है। विभिन्न मुद्दों पर राय भी रखते हैं। जिले का माहौल ऐसा है कि कुछ नहीं कहा जा सकता। थानों की पुलिस सही काम नहीं कर रही है। ऐसे में उन्हें सुरक्षा के लिए दूसरा गनर भी चाहिए। सीओ सदर ओमपाल सिंह ने पूरी तरह सुरक्षा का भरोसा दिलाया है। कहा कि वह इस बाबत एसपी अजय कुमार सिंह से भी बातचीत करेंगे। अधिकारी तय करेंगे कि जिलाध्यक्ष को दूसरा गनर दिया जाए या नहीं। सूरजपाल गुर्जर का कहना है कि वह इस बाबत डीएम और एसपी से भी मुलाकात कर सुरक्षा की मांग करेंगे।