बड़ौत। बिनौली गांव की प्रधान के पति उपेंद्र धामा के साथ गांव के हिस्ट्रीशीटर ने मारपीट की और परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी है। प्रधान पति की तहरीर पर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर सहित दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। बिनौली गांव की प्रधान रेनू धामा के पति उपेंद्र धामा ने बिनौली थाने पर तहरीर देकर बताया कि 30 नवंबर को गांव के हिस्ट्रीशीटर मोहित उर्फ जीटर ने अपने एक साथी के साथ उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। उसने बताया कि इससे पहले 27 नवंबर को वह गाजियाबाद में एक शादी समारोह में गया था।
वहां से घर आने के लिए अपनी गाड़ी के पास आया तो दोनों ने उसकी तरफ हथियार तानकर धमकी दी यदि तूने इस बार हमारे सामने चुनाव लड़ा तो तुझे और तेरे परिवार को जान से मार देंगे। प्रधानपति ने परिवार को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की हैं। सीओ हरीश सिंह भदौरिया ने बताया कि प्रधान पति की तहरीर पर मोहित उर्फ जीटर, रचित निवासी बिनौली के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। संवाद