दोघट (बागपत)। बड़ौत-बुढाना मार्ग पर बामनौली गांव के पास कार की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका मुजफ्फरनगर के अस्पताल में उपचार कराया गया। उधर, पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मुजफ्फरनगर के खालापार निवासी नदीम अपनी मां शमीम (60) के साथ शनिवार को बाइक से बड़ौत जा रहा था। बताया कि जैसे ही दोनों बामनौली गांव के पास पहुंचे तो एक कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर वहां पहुंची पुलिस ने घायलों को बड़ौत के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां महिला की हालत गंभीर होने पर दिल्ली हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।
बताया कि शमीम ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वहां पहुंचे परिजन घायल नदीम को मुजफ्फरनगर के अस्पताल में लेकर चले गए। हादसे के बाद चालक भी कार लेकर फरार हो गया। इस मामले में थाना प्रभारी सोनवीर सिंह का कहना है कि इस प्रकरण में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद