खेकड़ा स्टेशन पर रुकेगी बीकानेर एक्सप्रेस, जीएम उत्तर रेलवे ने दिया आश्वासन
खेकड़ा। दैनिक यात्री संघ के प्रतिनिधि मंडल ने दिल्ली में उत्तर रेलवे के जीएम से वाया दिल्ली सहारनपुर रेल मार्ग से हरिद्वार जाने वाली बीकानेर एक्सप्रेस ट्रेन को खेकड़ा रेलवे स्टेशन पर भी रुकवाने की मांग की। उन्होंने प्रतिनिधि मंडल को ट्रेन को खेकड़ा रेलवे स्टेशन पर भी रुकवाने का आश्वासन दिया। इससे यात्रियों में हर्ष का माहौल है।
दिल्ली सहारनपुर रेल मार्ग से होकर सप्ताह में तीन दिन (बृहस्पतिवार, शुक्रवार और शनिवार) बीकानेर हरिद्वार एक्सप्रेस गुजरती है। जो दिल्ली से चलकर सीधे केवल बड़ौत और शामली रेलवे स्टेशनों पर ही रुकती है। सोमवार को दैनिक यात्री संघ का प्रतिनिधि मंडल धर्म सिंह एसडीओ के नेतृत्व में उत्तर रेलवे के जीएम राजीव चौधरी से दिल्ली में उनके कार्यालय में मिला। उन्होंने मार्ग पर चलने वाली बीकानेर हरिद्वार एक्सप्रेस को खेकड़ा रेलवे स्टेशन पर भी रुकवाए जाने की मांग की। धर्मसिंह ने बताया कि राजीव चौधरी ने उनको ट्रेन को खेकड़ा रेलवे स्टेशन पर भी रुकवाने का आश्वासन दिया है। एक्सप्रेस के रुकने से हरिद्वार जाने वाले धर्म यात्री खेकड़ा से ट्रेन में सवार हो सकेंगे।